UP Election 2027 उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा का कार्यकाल पूरा होने पर होगा। संविधान के अनुच्छेद 172 के अनुसार विधानसभा का कार्यकाल पहली बैठक से पांच वर्ष का होता है। चुनाव की तारीखें भारत निर्वाचन आयोग घोषित करेगा और घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता लागू होगी। इस लेख में सीटों, मतदाताओं, पिछले नतीजों और प्रमुख दलों की जानकारी चुनाव आयोग के आंकड़ों के आधार पर दी गई है।
UP Election 2027 में कितनी सीटें
उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 निर्वाचित सीटें हैं। आयोग की 2022 की रिपोर्ट के अनुसार इनमें 317 सामान्य, 84 अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित और 2 अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीटें हैं। UP Election 2027 में सरकार बनाने के लिए किसी दल या गठबंधन को कम से कम 202 सीटों की जरूरत होती है।
पिछले चुनाव, यानी 2022 में कुल 4,442 उम्मीदवार मैदान में थे। एक सीट पर औसतन 11 उम्मीदवार रहे। सबसे कम 3 और सबसे ज्यादा 25 उम्मीदवार एक सीट पर थे। 3,519 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हुई।
2022 का नतीजा: किसे कितनी सीटें मिलीं
2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 376 सीटों पर चुनाव लड़कर 255 सीटें जीतीं और 41.29% वोट पाए। सपा ने 347 सीटों पर लड़कर 111 सीटें जीतीं और उसे 32.06% वोट मिले। बसपा ने सभी 403 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, लेकिन उसे 1 सीट और 12.88% वोट मिले। कांग्रेस 399 सीटों पर लड़ी और 2 सीटें व 2.33% वोट पाए।
सहयोगी दलों में अपना दल (सोनेलाल) को 12, रालोद को 8, निषाद पार्टी को 6 और सुभासपा को 6 सीटें मिलीं। जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) ने 2 सीटें जीतीं। सीट-वार नतीजे यूपी चुनाव 2022 के नतीजे लेख में हैं।
2017 से तुलना
2017 में भाजपा को 312 सीटें और 39.67% वोट मिले थे। सपा को 47, बसपा को 19 और कांग्रेस को 7 सीटें मिली थीं। यानी 2022 में भाजपा की सीटें घटीं, पर वोट शेयर बढ़ा। सपा की सीटें 47 से बढ़कर 111 हुईं। UP Election 2027 में यही दो आंकड़े, सीटें और वोट शेयर, सबसे ज्यादा देखे जाएंगे।
UP Election 2027 के मतदाता
2022 में प्रदेश में 15,12,46,168 मतदाता थे, जिनमें 8,10,78,329 पुरुष और 7,01,58,984 महिलाएं थीं। मतदान 60.67% रहा। महिलाओं का मतदान 62.22% और पुरुषों का 59.34% रहा। राज्य में 1,74,803 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
2025-26 में प्रदेश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) हुआ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम सूची में 13,39,84,792 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 7,30,71,071 पुरुष, 6,09,09,525 महिलाएं और 4,206 तृतीय लिंग मतदाता हैं। UP Election 2027 का मतदान इसी सूची और उसके बाद के संशोधनों के आधार पर होगा।
प्रमुख पार्टियां
UP Election 2027 से पहले प्रदेश में मुख्य मुकाबला भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन और सपा के बीच रहा है। भाजपा के साथ 2022 में अपना दल (सोनेलाल), निषाद पार्टी थीं, जबकि रालोद और सुभासपा तब सपा के साथ थीं। 2024 के लोकसभा चुनाव में रालोद और सुभासपा भाजपा के साथ थीं। बसपा अलग चुनाव लड़ती रही है। कांग्रेस और सपा ने 2024 का लोकसभा चुनाव साथ लड़ा था।
चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने 2024 में नगीना लोकसभा सीट जीती। एआईएमआईएम भी प्रदेश में उम्मीदवार उतारती रही है। 2022 में उसे 0.49% वोट मिले थे।
चुनाव प्रक्रिया
चुनाव की घोषणा, नामांकन, जांच, नाम वापसी, मतदान और मतगणना का पूरा क्रम आयोग तय करता है। पूरे आंकड़े चुनाव आयोग की 2022 रिपोर्ट में हैं। 2022 में मतदान सात चरणों में हुआ था और मतगणना 10 मार्च 2022 को हुई थी। इसके बाद योगी आदित्यनाथ ने 25 मार्च 2022 को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी यूपी विधानसभा चुनाव प्रक्रिया लेख में है।
UP Election 2027 से जुड़ी सीट-वार जानकारी, उपचुनावों के नतीजे और मतदाता सूची से जुड़े लेख UP Election News पर लगातार जोड़े जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी चुनाव 2027 ओपिनियन पोल
स्रोत: भारत निर्वाचन आयोग की उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 और 2022 की सांख्यिकीय रिपोर्टें; मतदाता सूची के आंकड़े मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की प्रेस कॉन्फ्रेंस (The Hindu की रिपोर्ट) से।


